झांसी।रेलवे प्रशासन ने संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए एक दिवंगत रेल कर्मचारी के आश्रित परिवार को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है।झांसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने स्वर्गीय राम नारायण की पत्नी श्रीमती पद्मा (83 वर्ष) को उनके पक्ष में जारी संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ ) औपचारिक रूप से प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि स्व. कर्मचारी राम नारायण का असामयिक निधन वर्ष 1975 में हो गया था। उनकी पत्नी को पारिवारिक पेंशन पुराने पीपीओ के आधार पर प्राप्त हो रही थी। अत्यंत पुराने अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण, अनेक वर्षों तक प्रयासों के बावजूद पीपीओ का संशोधन नहीं हो सका था।
प्रकरण मण्डल रेल प्रबंधक के संज्ञान में आने के उपरांत कार्मिक विभाग एवं लेखा विभाग द्वारा समन्वित प्रयास करते हुए अभिलेखों का परीक्षण किया गया तथा आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कर रिकॉर्ड समय में संशोधित पीपीओ निर्गत किया गया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि रेलवे अपने कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्मिक एवं लेखा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील प्रकरणों में त्वरित एवं मानवीय दृष्टिकोण से की गई कार्रवाई ही प्रशासन की वास्तविक पहचान है।
श्रीमती पद्मा ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संशोधित पीपीओ प्राप्त होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
