झांसी।बुंदेलखंड में झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में कच्चे पुल के नीचे उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती हुई कार में अचानक आग लग गई।

चलती कार में अचानक लगी आग से घबराकर तीन कार सवारों ने कूद कर अपनी जान बचाई और बीच सड़क आग का गोला बनी कार को देखकर इलाके में भी हड़कंप मच गया ।इसकी जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी गई और इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कार सवार जतिन ने बताया कि वह रेलवे में कंस्ट्रक्शन का काम करता है और वह अपने साथियों के साथ रेलवे कॉलोनी से अपनी साइट पर जा रहे थे ।तीनों लोग कार में सवार थे जब उनकी कार कच्चे पुल के नीचे पहुंची तब अचानक कार से धुआं उठा और उसमें आग लग गई। जतिन ने बताया कि कार में आग कैसे लगी यह उन्हें भी नहीं पता संभवत: शार्ट सर्किट के कारण ऐसा हुआ होगा।
जतिन के दोस्त ने बताया कि शुरुआत में आग हल्की थी ,वहां मौजूद लोगों के साथ उन्होंने भी बाल्टी में पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन आग धीरे-धीरे तेजी पकड़ने लगी । दमकल की गाड़ी के जाम में फंसने के कारण मौके तक पहुंचने में देरी हुई जिसके कारण कार पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई जिस पर बाद में दमकल की गाड़ी ने आकर काबू पाया।
