झांसी 22 मार्च ।दिल्ली के शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत वीरांगना नगरी झांसी में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने इंडिया समूह के दलों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया।


महानगर के चर्चित इलाइट चौराहे पर बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा चुनाव में झांसी -ललितपुर सीट से कांग्रेस-सपा के उम्मीदवार प्रदीप जैन आदित्य ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को पूरी तरह से असंवैधानिक बताते हुए इसका पुरजोर विरोध किया और कहा कि अगर उन्हें रिहा नहीं किया जाता है तो जेल भरो आंदोलन किया जायेगा।

श्री जैन ने कहा “ देश में तानाशाही चल रही है जिस तरह से एक यशस्वी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दुर्व्यवहार किया गया और उनको गिरफ्तार किया गया ,यह बिल्कुल असंवैधानिक है।यह सरकार गुंडागर्दी कर रही है। दिल्ली के हुकमरान चाहे प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री इनके इशारे पर ईडी, सीबीआई और पुलिस गुंडागर्दी पर उतारू है। जिस तरह लोगों के हाथों में हथकड़ी डाल रहे हैं लेकिन मुंह पर ताला नहीं लगा सकते। आज हम लोगों ने सांकेतिक चेतावनी दी और यदि इस पर भी यह नहीं चेते और श्री केजरीवाल को रिहा नहीं किया जाता है तो हम जेल भरो आंदोलन करेंगे। ”

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद खान ने कहा कि सत्ता की हवस में लोकतंत्र को कुचलने का जिस तरह से काम किया जा रहा था, आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी से उसमें एक नया अध्याय जुड़ गया है। श्री केजरीवाल को किसी के बयान पर गिरफ्तार कर लिया गया। इस समय छाये इलैक्टोरल बॉन्ड के मुद्दे से ध्यान भटकाने की यह कोशिश है जो कामयाब नहीं होगी। पार्टी के दिशानिर्देशों पर इंडिया गठबंधन के घटक दलों से बात कर आगे का घटनाक्रम तय करेंगे। इस धरना प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के साथ इंडिया गठबंधन के अन्य दल भी हिस्सा ले रहे हैं।

इस दौरान कांग्रेस उम्मीदवार श्री जैन के साथ आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद खान , प्रांतीय सचिव अर्चना गुप्ता,शहर अध्यक्ष मनोज गुप्ता,महानगर अध्यक्ष ग्यादीन कुशवाहा, भवजीत सिंह सरना, सचिन साहू, रवि बघेल, आशीष ,हिमांशु यादव, साजिद निशाद, परवेज चौधरी, इरशाद, पुत्तु सिंह कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनके साथ कांग्रेस और सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
