साधो द बैंड

लोक-पॉप संगीत “साधो द बैंड “की लोकधुनों पर झांसी में बहेंगी सुर लहरियां

//

झांसी। दिल्ली का प्रतिष्ठित लोक-पॉप संगीत समूह “साधो द बैंड” पहली बार वीरांगना नगरी झांसी में प्रस्तुति देने आ रहा है।

इस आयोजन के सम्बन्ध में आयोजक सदर विधायक रवि शर्मा के पुत्र परन शर्मा ने समाधान कार्यालय पर प्रेस को बताया कि 28 फरवरी 2026 को दिल्ली के एक प्रतिष्ठित लोक-पॉप संगीत समूह “साधो द बैंड ” के कन्सर्ट का आयोजन सायं 07 बजे से मुक्ताकाशी मंच, दुर्ग मार्ग पर होने जा रहा है । युवाओं को भक्ति मार्ग एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। साधौ बैंड भारत की विविध धार्मिक लोकधुनों को आधार बनाकर आधुनिक संगीत का सृजन करता है जो युवाओं में लोकप्रिय है।

उन्होंने बताया कि यह बैंड पहली बार वीरांगना नगरी झांसी में प्रस्तुति देने आ रहा है। साधो बैंड असम, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, केरल, कश्मीर तथा उड़ीसा सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोकधुनों को अपने संगीत में पिरोता है। प्रत्येक राज्य की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा ग्रहण कर यह बैंड भारतीय लोकसंगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है और युवाओं में धार्मिक अवचेतना का संचार करता है। यह बैंड अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का सजीव अनुभव कराता है।

विविधता के संरक्षण और संवर्धन हेतु यह बैंड विभिन्न संगीत शैलियों के अतिथि कलाकारों के साथ भी सहयोगात्मक कार्य करता है। जैसा कि सर्वविदित है, भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी ने भी अपने निवास एंटीलिया में इस बैंड को विशेष प्रस्तुति हेतु आमंत्रित कर सम्मानित किया है। साधो बैंड ने देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपने ओजस्वी महाभक्ति गीतों द्वारा श्रोताओं को भावविभोर किया है तथा आध्यात्मिक वातावरण का सृजन किया है।

इस अवसर पर महानगर के सभी सम्मानित नागरिकों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भारत की सांस्कृतिक विविधता का सजीव अनुभव करें।

इस अवसर पर आयोजक मण्डल के सदस्य हर्ष गोस्वामी, परमजीत सिंह मन्नी सरदार, हिमांशु गोपालरानी, सौरभ वाजपेयी, आदर्श राय, हिमांशु समाधिया, अंकित साहू, चेतन ओझा, विनय तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

खेत पर करंट लगने से किसान की मौत

Latest from Jhansi