झांसी। जनपद में पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम मबूसा में अचानक खेतों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटों को देख किसानों में हड़कंप मच गया और उन्होंने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक करीब 3 -4 बीघा गेहूं की कटी फसल जलकर राख हो गयी । इसके अलावा खेत में रखी पराली, सिंचाई के लिए उपयोग में आने वाले प्लास्टिक पाइप और अन्य कृषि उपकरण भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए।
पीड़ित किसान दीपक राजपूत ने बताया कि गेंहू की फसल काटकर खेत में रखी थी जिसमे आग लगी है । आग कैसे लगी इसकी कोई जानकारी नहीं है लेकिन इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
