झांसी । झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में एक खेत में कटी पड़ी फसल में आग लग जाने से इलाके में हड़कंप मच गया और इस घटना में लगभग आधा एकड़ फसल जलकर नष्ट हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से निकली चिंगारी के कारण आग लगी ।

सूत्रों के अनुसार यह घटना राजापुर गांव निवासी चंद्रशेखर अहिरवार के खेत में दोपहर में हुई। चंद्रशेखर अपने परिवार के साथ खेत पर बने मकान में रहता है , दोपहर में सभी खाना खाने के लिए घर गए थे, तभी खेत में आग लग गई। कटी हुई फसल में आग तेजी से फैलने लगी।
आसपास के किसानों और ग्रामीणों ने चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने पास के कुएं से बाल्टियों और डिब्बों की मदद से लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान किसान काफी भयभीत रहे।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान गोविंद यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पास से गुजर रही विद्युत लाइन से किसी वस्तु के टकराने के कारण आग लगने की आशंका है।
तहसीलदार सदर झांसी विवेक कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। राजस्व टीम को मौके पर भेज दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
