झांसी 14 नवंबर । मध्य प्रदेश के निवाड़ी चुनाव में प्रचार के लिए आए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की जीत का दावा किया और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनको उनकी पार्टी के लोग भी नेता नहीं मानते हैं।
झांसी के पुलिस लाइन में उपमुख्यमंत्री की हेलीकॉप्टर उतरा और वहीं पर पत्रकारों से बातचीत में श्री मौर्य ने दावा किया कि इस समय मध्य प्रदेश पूरी तरह से भाजपामय हो चुका है।मध्य प्रदेश में भाजपा की आंधी चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम की सुनामी चल रही है।कांग्रेस का जो हाल उत्तर प्रदेश में है आने वाले समय में वही हाल मध्य प्रदेश में होने जा रहा है।
राहुल गांधी द्वारा मध्य प्रदेश में भाजपा पर उनकी सरकार चोरी करने के लगाये गये आरोप पर कहा कि राहुल एक भ्रष्ट पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं,जो गरीबों का हक लूटकर खाने का काम करती थी।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी की समस्या यह है कि किसी राज्य के लोगों को तो छोड़ दें उनकी खुद की पार्टी के लोग उन्हें नेता नहीं मानते हैं। उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेते हैं।
मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के बारे में कांग्रेस द्वारा लगाये गये आरोपों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस हारने लगती है तो ऐसे अनर्गल आरोप लगाती है। उनके कद्दावर नेता कमलनाथ भी अपनी सीट हारने जा रहे हैं और ऐसे में वह अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन