झांसी। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि अब जनसुनवाई की सीधी मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है।अतः जनता दर्शन के समय प्राप्त शिकायतों को संवेदनशील और गंभीरता से सुना जाए।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर समय से एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें , केवल औपचारिकता पूरी करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जहां संभव हो, दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी एवं तनाव से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण में ढ़िलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी, अतः जनता दर्शन के समय प्राप्त शिकायतों को संवेदनशील और गंभीरता से सुना जाए।
जनता दर्शन में आए फरियादियों ने जिलाधिकारी की सक्रियता की सराहना करते हुए निष्पक्ष सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने दोहराया कि हर जरूरतमंद की सेवा प्रशासन का संकल्प है।
