झांसी 20 मई। झांसी के बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर प्रज्ञा पाठक की कार्यशैली पर प्रश्न चिंह लगाते हुए अवैध कारोबारियों के साथ मिलकर अपराध को बढ़ावा देने और भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न करने जैसे गंभीर आरोप लगाये।
सीओ सदर की कार्यशैली की मुखालफत करते हुए आज बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रक्सा थाना पहुंचे और सुश्री पाठक के खिलाफ धरने में बैठ गये। इस बीच विधायक बबीना भी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने नगर निकाय चुनाव के समय से ही उनकी कार्यशैली को लेकर सवाल उठाये और बताया कि सीओ प्रज्ञा पाठक की सरपरस्ती में इलाके में अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। वह पैसे लेकर अपराधियों के साथ सांठ गांठ कर गरीब भाजपा कार्यकर्ताओं का लगातार उत्पीड़न कर रही हैं।
श्री पारीछा ने कहा कि ऐसे अधिकारी जो सरकार की मंशा के खिलाफ खुद की सरकार चलाते हैं,जिनका कानून से कोई लेना-देना नहीं हैं, जो स्वयं में सरकार हैं,ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।इलाके में जितने अपराध हो रहे हैं वह उन्हीं के संरक्षण में हो रहे हैं , वह ही यह अपराध करा रहीं हैं।उनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए।
“ बबीना में हमारे कार्यकर्ता रो रोकर बता रहा है कि पुलिस वाले रात भर जबरन थाने में बैठाकर मार रहे हैं। प्रज्ञा ठाकुर अपनी ट्रेनिंग के दौरान चिरगांव में भी लगातार भाजपाईयों के खिलाफ काम करती रहीं हैं। उन पर झूठे आरोप लगाकर झूठे मुकदमों में फंसाने का काम वह करती रहीं हैं।”
बड़ागांव थानाक्षेत्र के दबंग जिन्हें समाजवादी पार्टी का पूरा संरक्षण मिला हुआ है उनके साथ पैसों का लेन देन कर प्रज्ञा पाठक ऐसे अपराधियों को संरक्षण दे रहीं हैं। ऐसे दबंग अपराधियों का मनोबल बढाने का काम प्रज्ञा ठाकुर लगतार कर रहीं हैं।
विधायक ने कहा कि सीओ के खिलाफ उनके पास पूरे सबूत हैं,वीडियों हैं और उन्होंने एसएसपी को इस बारे में जानकारी दी है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन