झांसी 29 जुलाई। हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी और जाने माने ओलंपियन अशोक ध्यानचंद को अब्दुल कलाम अवार्ड से सम्मानित किया गया है। अशोक ध्यानचंद ने पुरस्कार पाने पर खुशी का इजहार करते हुए इसे एक गौरवांवित करने वाली अनुभूति की संज्ञा दी है।
पुरस्कार को पाने के बाद श्री ध्यानचंद ने बुंदेलखंड कनेक्शन से शनिवार को फोन पर विशेष बातचीत मे कहा कि यह पुरस्कार बेहद खास है क्योंकि जिस शख्सियत के नाम पर यह पुरस्कार है उसने न केवल देश और दुनिया बल्कि पूरी मानवता के लिए काम किया।उन्होंने अपने क्षेत्र में जो काम किया उसका व्यापक प्रभाव समाज के हर क्षेत्र पर पड़ा। उनके नाम का अवार्ड पाना बेहद विशेष है।
डॉ़ कलाम के साथ अपनी पहली मुलाकात की यादें ताजा करते हुए अशोक ध्यानचंद ने कहा “डॉ़ कलाम के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद वह एक बार उनसे राष्ट्रपति भवन में ही मिले थे।वह बेहद सरल और शांत प्रकृति के व्यक्ति थे जिनकी हर बात में उनकी उच्च विद्वता प्रकट होती थी। उनके नाम का यह सम्मान पाकर मैं बेहद गौरवांवित महसूस कर रहा हूं।”
हॉकी के कद्दावर खिलाड़ी अशोक ध्यानचंद को डॉ़ कलाम की 8 वीं पुण्य तिथि के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित एवार्ड समारोह में इस पुरस्कार से नवाजा गया।
खिलाड़ी के रूप में अगर अशोक ध्यानचंद की बात की जाए तो उन्होंने पहला वर्ल्ड कप 1971 में खेला जिसमें भारतीय टीम ने कांस्य पदक प्राप्त किया। उसके बाद 1973 के विश्व कप की रजत पदक विजेता टीम के भी सदस्य रहे।
अशोक ने दो बार ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, पहली बार 1972 में म्यूनिख में भारत ने कांस्य पदक प्राप्त किया और फिर 1976 में मॉन्ट्रियल में भारत सातवें स्थान पर रहा।उन्होंने भारत की ओर से तीन एशियाई खेलों 1970, 1974 और 1978 में भी हिस्सा लिया और तीनों में ही भारत ने रजत पदक प्राप्त किया।
हॉकी के क्षेत्र में अशोक ध्यानचंद की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें 1974 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। अशोक ने तीन विश्व कप खेले, वह 1975 के विश्व कप जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के सदस्य भी रहे।
डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस एवार्ड समारोह में रामदास आठवले, विजय गोयल, केंद्रीय संसदीय मंत्री अशोक बाजपेई, फिल्मस्टार अकबर खान ,रंजीत फाउंडेशन के जनरल सेक्रेटरी डॉ शमीम ए.खान सहित कई हस्तियां मौजूद रही।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन