झांसी । बुंदेलखंड में झांसी के मऊरानीपुर थानाक्षेत्र में रात में घर में घुसकर महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपीआरए) डॉ़ अरविंद कुमार ने यहां पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात मऊरानीपुर थानाक्षेत्र के ग्राम बरौरी में एक महिला ऊषा देवी की घर में गला दबाकर हत्या कर दी गयी थी।
इस मामले में पुलिस ने गांव के ही युवक रफीक (27) को घटना के 24 घंटे की अवधि में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
डॉ़ कुमार ने बताया कि ऊषा देवी घर में अकेली रहती थी। ऊषा की हत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंच कर जरूरी वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाये थे। परिजनों से प्राप्त तहरीर के बाद मामले की जांच शुरू की गयी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस की कई टीमों को भी लगाया गया। जांच में गांव के ही निवासी रफीक का नाम सामने आया। इसके बाद से पुलिस लगातार रफीक की तलाश में जुटी थी, इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उसे स्यावरी कोटरा नहर के पास बने यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किये गये आलाकत्ल के रूप में लाल रंग का कपड़ा भी बरामद कर लिया गया।
रफीक ने पूछताछ में बताया कि ऊषादेवी उसके घर को बरबाद कर रही थी। उसके कहने पर रफीक की पत्नी अपनी आठ माह की बच्ची को लेकर मायके चली गयी। इतना ही नहीं, ऊषा ने रफीक की मां को भी उसके खिलाफ भड़काया जिसके कारण पांच दिन पहले उसके घर में बंटवारा हो गया । इसके बाद से रफीक काफी परेशान था और उसने मन बना लिया था कि मौका मिलते ही वह ऊषा की हत्या को अंजाम देगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रफीक उसकी हत्या करने की फिराक में था कि 30 और 31 अगस्त की दरमियानी रात वह अंधरे में ऊषा के घर में घुसा और चारपाई पर सो रही ऊषा का गला दबाने लगा। अचानक हमले से ऊषा की आंख खुली और दोनों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान ऊषा ने रफीक का गला और मुंह नोंच लिया। इसके बाद रफीक ने पास ही पड़े लाल कपड़े से ऊषा का गला तब तक दबाया जब तक उसकी मौत नहीं हो गयी। हाथापाई में उसका ताबीज भी वहीं गिर गया जिसे बाद में पुलिस ने तलाशी के दौरान बरामद किया और इसी के सहारे इस हत्या के सारी कड़ियों को जोड़ते हुये रफीक तक जा पहुंची।
उन्होंने बताया कि रफीक को जल्द ही न्यायालय पेश किया जायेगा।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन