शोभायात्रा के संयोजक विनोद अवस्थी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप अयोध्या शोध संस्थान, श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति, जिला प्रशासन और स्थानीय व्यापारिक व सामाजिक संगठन मिलकर यह आयोजन करने जा रहे हैं। शोभायात्रा में 11 बग्घियों पर रानी लक्ष्मी बाई, झलकारी बाई, भगवान गणेश, राम दरबार, बाल स्वरूप राम, बजरंग बली आदि स्वरूप मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान पुष्पवर्षा होगी। रास्ते भर यात्रा में शामिल राम भक्त धार्मिक गीतों पर नाचते गाते इसमें हिस्सा लेंगे और भगवान राम के जन्मोत्सव को भव्य रूप में मनाएंगे।
यात्रा के समन्वयक देवराज चतुर्वेदी ने बताया कि सिद्धेश्वर मंदिर से दोपहर दो बजे के लगभग शोभायात्रा निकलेगी। पूरे मार्ग में शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा होगी। शोभायात्रा में बग्घियों के अलावा नाचने वाले घोड़े, ढोल नगाड़े डीजे, बैंड आदि शामिल रहेंगे। झांसी के सभी संतों के मार्गदर्शन में यह शोभायात्रा आयोजित की जा रही है। शोभायात्रा से पूर्व श्री राम चरित मानस के बाल कांड का पाठ, भजन, कीर्तन, आरती, पारंपरिक सोहर और अन्य संस्कार गीत पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस दौरान राजकीय संग्रहालय की प्रभारी निदेशक उमा पाराशर, जयदीप खरे, संदीप सरावगी, रवीश त्रिपाठी, पीयूष रावत, पुरुकेश अमरया, संतराम पेंटर आदि उपस्थित रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन