झांसी।उत्तर प्रदेश के पू्र्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव झांसी दौरे पर पूरी तरह से चुनावी रंगत में नज़र आये । एक ओर उन्होंने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी पर तीखा हमला किया तो दूसरी ओर युवाओं ,किसानों और ब्राह्मण समाज को भी लुभाने का जमकर प्रयास किया ।

सपा के प्रदेश सचिव महेश कश्यप के घर शादी में शामिल होने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मीडिया से मुखातिब होते हुए सबसे पहले प्रेस व पार्टी के नेताओं को धन्यवाद दिया और योगी पर तंज कसते हुए दावा किया कि 2027 में पीडीए की बड़ी जीत होगी और बुंदेलखंड में पीडीए, भाजपा का खाता भी नहीं खुलने देगा ।
लोकसभा में उत्तर प्रदेश में मिली बढ़त से उत्साहित नज़र आये अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में सपा की बड़ी जीत हुई थी, इसका परिणाम यह हुआ था कि भाजपा को भी केंद्र में गठबंधन की सरकार बनानी पड़ी। उत्तर प्रदेश से भाजपा आई थी और अब उत्तर प्रदेश से वापस भी जाएगी।
प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अखिलेश के निशाने पर रहे और योगी को उन्होंने अब तक का सबसे उपद्रवी मुख्यमंत्री तक बता डाला। उन्होंने कहा कि अभी तक का इतना उपद्रवी मुख्यमंत्री किसी प्रदेश में नहीं बना। उन पर इतने मुकदमे थे जो उन्होंने स्वयं वापस ले लिये है। अखिलेश यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि चापलूसों से घिरे बाबा एक ओर जापान जा रहे है तो दूसरी ओर इनके उपमुख्यमंत्री आपस में सिर फोड़ रहे है।
माघ मेले में शंकराचार्य के अपमान की बात कहते ही उन्होंने योगी सरकार पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि सरकार ने बटुकों की मारपीट व शिखा खीचकर सनातन संस्कृति का अपमान किया है। उन्हें स्नान से रोका गया। बटुकों को पीटा गया। यह सब करके मुख्यमंत्री संविधान व कानून के पीछे छिपे रहे हैं।
उन्होंने किसानों और नौजवानों लुभाते हुए कहा कि जब भी सपा सत्ता में आएगी किसानों को सर्वोपरि रखा जाएगा। भाजपा शासन में किसान को न जमीन की कीमत,न फसल की कीमत दी जा रही है और तो और किसान जब खाद लेने पहुंचते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। ललितपुर में बजाज प्लांट लगाने का श्रेय सपा को देते हुए उन्होंने मीडिया से ही सवाल पूंछ डाला कि बताओ बीजेपी ने बिजली का कोई कारखाना लगाया। स्मार्ट मीटर तेज भाग रहे। बिजली मंहगी कर दी। सरकार ने डिफेंस कोरिडोर को लेकर कहा था मिसाइल बनाएंगे, बम बनाएंगे।, अभी तक सुतली बम भी नहीं बना पाये।
पत्रकार वार्ता के दौरान पू्र्व सांसद डा.चंद्रपाल सिंह यादव, पू्र्व विधायक दीपनारायण सिंह,पू्र्व जिलाध्यक्ष संत सिंह सेरसा जालौन गरौठा के सांसद नारायण दास अहिरवार, पू्र्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, अजय सूद, पू्र्व जिलाध्यक्ष सुरेश पटेल, सीताराम कुशवाहा एड.कप्तान सिंह राजपूत,नगर अध्यक्ष तनवीर आलम आदि सपा नेता मौजूद रहे।
