झांसी ।बुंदेलखंड के झांसी जनपद में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ । इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन में गुरूवार को पुलिस की होली का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी ) बीबीजीटीएस मूर्ति पुलिस के सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के साथ होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया । इस अवसर पर एसएसपी अपने अधिकारियों और कर्मचारियों साथ ही प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों के साथ पूरी तरह से होली के रंग में रंगे नज़र आये ।आमदिनों में दोनों के बीच जो व्यवहारगत दूरियां होती हैं वो होली के दौरान पूरी तरह से ख़त्म नज़र आयीं । एसएसपी ने अपने साथियों पर जमकर रंग और पानी उड़ेला तो उनके साथी भी संगीत की धुनों पर उनके साथ मिलकर जमकर थिरके । त्योहार में सभी के बीच एक ज़बरदस्त आत्मीयता देखने को मिली ।


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएँ दी गईं तथा जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने में सभी अधिकारी-कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण सहित पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में मीडिया के पत्रकार बंधु एवं जनपद के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
