झांसी 11 फरवरी । प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ एवं एकात्म मानववाद की राजनीतिक विचारधारा के प्रणेता और भारतीय जनसंघ के 10वें अध्यक्ष स्वर्गीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि झांसी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समर्पण दिवस के रूप में मनायी और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर शहर कार्यालय में आयोजित भारतीय जनता पार्टी समर्पण निधि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने पंडित दीनदयाल की फोटो पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय सह संयोजक राष्ट्रीय सदस्यता अभियान भाजपा (कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र) संजीव अग्रवाल लाला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाख के सिद्धांत पर आधारित रहा। उनका एकात्म मानववाद का दर्शन भारत ही नहीं बल्कि दुनिया की कई समस्याओं का समाधान देने में सक्षम है। उनका एकात्म मानवदर्शन और अंत्योदय के विचार करोड़ों कार्यकर्ताओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करने वाले हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अभिषेक जैन, नीता अवस्थी, अनिल सोनी, नितेश रंगलानी, समीर तिवारी, संजय रावत, सुशांत सिंह, ऋषि राघव इंद्रपुरकर सहित अन्य गणमान्यों नेे भी प़ं दीनदयाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि दीनदयाल उपाध्याय उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा जिले के नागला चंदभान गांव में हुआ था जिसे आज दीनदायल धाम कहा जाता है। वह अपने एकात्म मानवतावादी चिंतन के लिए विख्यात हैं। पंडित दीनदयाल भारतीय जनसंघ के 10वें अध्यक्ष थे और उनका वह कार्यकाल 1967-68 के दौरान था । उनका 51वर्ष की आयु में 11 फरवरी 1968 को मुगलसराय में रहस्यमय परिस्थितियों में निधन हो गया। मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नामकरण अब उनके नाम पर कर दिया गया है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन