बबीना विधायक

बबीना विधायक ने केशवपुर धाम महोत्सव को लेकर डीएम को लिखा पत्र

झांसी । जनपद में बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री केशवपुर धाम में होने वाले रजत जयंती महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है।

विधायक ने पत्र में बताया कि बड़ागांव ब्लॉक स्थित श्री केशवपुर धाम में 24 अगस्त से 4 सितंबर तक रजत जयंती महोत्सव आयोजित होना है। इसमें झांसी के अलावा प्रदेश और देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समय रहते सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

विधायक ने आयोजन स्थल पर पर्याप्त शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था कराने के साथ मंदिर परिसर व आसपास नियमित साफ-सफाई कराने का अनुरोध किया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए संपर्क मार्गों की मरम्मत तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की गई है।

पत्र में लाखों की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा के कड़े इंतजाम तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर चिकित्सा सुविधाएं और एंबुलेंस उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

विधायक ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि महोत्सव से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी हो सकें और रजत जयंती महोत्सव भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

डीएम ने वृद्धाश्रम में जाना बुजुर्गों का हाल,बांटे फल-मिष्ठान

Next Story

झांसी-कानपुर हाईवे किनारे खड़ी बस से टायर चोरी करते दो आरोपी पुलिस ने दबोचे

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!