झांसी। बुंदेलखंड के झांसी में हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के कारण आए मौसमी बदलाव से तापमान में गिरावट से आम लोगों को काफी राहत महसूस हो रही है लेकिन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई है।

मौसम वैज्ञानिक ए के सिंह ने बुंदेलखंड कनेक्शन के साथ हुई विशेष बातचीत में बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम पर पश्चिमी विक्षोभ का यह असर पश्चिमी क्षेत्र से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड तक देखा जा रहा है। इसी के कारण कहीं-कहीं हल्की बारिश तो कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलीं जिसके कारण तापमान में बदलाव आया है जो लोगों के लिए एक बड़ी राहत की तरह दिख रहा है ।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आज और कल पूरे बुंदेलखंड सहित पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की पूरी संभावनाएं हैं । इस दौरान तेज हवाओं के चलने से लेकर बिजली चमकना ओलावृष्टि और माध्यम से तेज बारिश हो सकती है।उन्होंने बताया कि मौसम की यह सामान्य ही प्रक्रिया है । गर्मी के मौसम में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अक्सर तापमान में बदलाव आता है लेकिन उन्होंने इस बारिश को किसानों के लिए बेहद चिंताजनक बताया है।
डॉ सिंह ने बताया कि इस समय खेतों में गेहूं ,सरसों, चना, मसूर और मटर की फसल पककर पूरी तरह से तैयार है और या तो किसान इसकी कटाई कर रहे हैं या करने वाले हैं ।ऐसी स्थिति में यह बरसात किसानों के लिए बेहद चिंताजनक है। इसके कारण किसानों को काफी आर्थिक नुकसान हो सकता है ।
उन्होंने कहा कि इसी को देखते हुए मौसम विभाग लगातार एक हफ्ते से किसानों को जल्द से जल्द कटाई कर लेने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की सलाह भी जारी कर रहा था लेकिन इसके बावजूद बारिश के कारण फसलों के खराब होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है ।
