झांसी । बुंदेलखंड के झांसी जिले में थाना बरुआसागर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीओ टहरौली ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट की घटना में शामिल आरोपी अंजनी माता मंदिर के पास, वनगुवां रोड स्थित जंगल क्षेत्र में मौजूद हैं। इस सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीनों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकुश यादव (21), प्रभात रजक (20) और अंश साहू (20) के रूप में हुई है, तीनों थाना बबीना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के पास से 315 बोर के तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, लूटी गई कार और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, आरोपियों के खिलाफ थाना बरुआसागर में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
