झांसी । होली पर्व के मद्देनज़र आबकारी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने को विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाये जा रहा है और इसी क्रम में 635 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 1600 किग्रा लहन मौके पर नष्ट कराया गया ।
जिलाधिकारी झांसी मृदुल चौधरी, उप आबकारी आयुक्त झांसी प्रभार झांसी उमेश चन्द्र पाण्डेय एवं जिला आबकारी अधिकारी झांसी मनीष कुमार के निर्देशन एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सह उप जिलाधिकारी टहरौली के नेतृत्व में आबकारी विभाग, झांसी की जनपद में गठित टीमों द्वारा शनिवार को हड्डीघर, पोलेबाबा, कांशीराम कॉलोनी, कांशीराम पार्क के पास, ग्राम टहरौली खास, ग्राम घुरैया, ग्राम धवारी व डेरा सेना, अड़जार, सकरार, बंगरा सेकरा, फरीदा, कल्याणपुरा, अशोक नगर में दबिश दी गई।

दबिश के दौरान 635 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर 1600 किग्रा लहन मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 06 अभियोग पंजीकृत किए गये। कार्यवाही में 01 व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
मौके पर दबिश टीम में मनोज कुमार श्रीवास्तव आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 झांसी, अजय कुमार आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 झांसी, हर्ष बाबू आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 झांसी, सोनीबाला जायसवाल आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 झांसी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी टहरौली, नारायण गुप्ता आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 झांसी व थाना पुलिस टहरौली तथा आबकारी स्टॉफ सम्मिलित रहे। चेकिंग के दौरान अवैध अड्डों से शराब न खरीदने हेतु लोगों को जागरूक किया गया।
सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करने वालो की भी चेकिंग करते हुए लोगों को चेतावित किया गया। साथ ही अवैध शराब और अपमिश्रित शराब व ओवर रेटिंग के दृष्टिगत जनपद की देशी शराब या कंपोजिट मदिरा दुकानों पर टेस्ट परचेजिंग कराते हुए आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों में संचित स्टॉक का स्टॉक पंजिका में अंकित स्टॉक से मिलान करते हुए भौतिक रूप से सत्यापन किया गया एवं पूर्ण रूप से पी.ओ.एस. मशीन से मदिरा की बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
